बेतिया: अचानक दो भागों में बंटा 35 साल पुराना पुल, कई पंचायतों का संपर्क टूटा

Bettiah News: मझौलिया के लालसरैया में धनौती नदी पर बना 35 साल पुराना पुल अचानक ध्वस्त हो गया. पुल टूटने से पूर्वी चंपारण से संपर्क प्रभावित हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था और नए पुल की मांग की है. पढे़ं पूरी खबर…

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रखंड में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया है. लालसरैया के पास धनौती नदी पर बना महत्वपूर्ण पुल अचानक ध्वस्त हो गया. पुल का करीब 10 फीट हिस्सा भरभराकर नदी में गिर गया, जिसके बाद इलाके का संपर्क पूर्वी चंपारण से लगभग कट गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली.

वर्षों पुराना पुल अचानक टूटा

स्थानीय लोगों के मुताबिक धनौती नदी पर बना यह पुल करीब 35 साल पुराना था. लंबे समय से इसकी हालत जर्जर बनी हुई थी. पुल के बीच हिस्से में बड़ा गड्ढा हो गया था और रेलिंग भी कई जगह टूट चुकी थी. इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर इसी रास्ते से आवाजाही कर रहे थे. सोमवार को अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नदी में समा गया.

पहले भी दी गई थी चेतावनी

करमवा पंचायत के मुखिया पति मोहन गुप्ता ने बताया कि पुल की खराब स्थिति को लेकर दो महीने पहले ही जिला प्रशासन को लिखित आवेदन दिया गया था. स्थानीय लोगों ने कई बार मरम्मत और नए पुल के निर्माण की मांग उठाई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

आधा दर्जन पंचायतों की बढ़ी परेशानी

पुल टूटने के बाद लालसरैया, करमवा समेत आसपास की कई पंचायतों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सबसे ज्यादा परेशानी किसानों, छात्रों, मरीजों और सब्जी कारोबारियों को हो रही है. कई ग्रामीण मजबूरी में नदी के किनारे से होकर आवागमन करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने और नए पुल के निर्माण की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो यह स्थिति नहीं बनती.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >