Bettiah News: पश्चिम चंपारण की धरती से शुरू होने वाली जेडीयू के युवा नेता निशांत कुमार की प्रस्तावित ‘सद्भाव यात्रा’ को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. जदयू के जिला महासचिव अभय राय ने इस यात्रा को समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया है. उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोना और आपसी समरसता को बढ़ावा देना है.
युवाओं में नई ऊर्जा का होगा संचार
अभय राय ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि निशांत कुमार सादगी और उच्च विचार के धनी हैं. उनकी यह यात्रा न केवल सामाजिक दूरियों को कम करेगी, बल्कि युवाओं में सकारात्मक सोच और विकास के प्रति नई ऊर्जा का संचार भी करेगी. उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को सही दिशा और प्रेरणा की जरूरत है, जो इस यात्रा के माध्यम से संभव होगा. चंपारण की ऐतिहासिक धरती से शुरू हो रही यह यात्रा पूरे बिहार के लिए एक नजीर पेश करेगी.
समाज को जोड़ने की अहम कड़ी
जदयू नेता ने आगे कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए आपसी सद्भाव और भाईचारा समय की सबसे बड़ी मांग है. यह यात्रा लोगों के दिलों को जोड़ने और समाज में शांति का माहौल तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी. चंपारण के छात्र और युवा इस पहल को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इसे सफल बनाने के लिए आगे आ रहे हैं.
जदयू कार्यकर्ता बनाएंगे सफल
अभय राय ने स्पष्ट किया कि जदयू के तमाम कार्यकर्ता इस सद्भाव यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं. कार्यकर्ता इसे जन-जन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ने का काम करेंगे. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और चंपारण से एकता व शांति का संदेश पूरे प्रदेश में फैलाएं.
बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
