बाढ़ से पहले तैयारी पूरी करें, लंबित मामले जल्द निपटाएं… डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Bettiah News: बेतिया में डीएम तरनजोत सिंह ने समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे, बाढ़ की तैयारी, टीबी मुक्त अभियान और विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए.

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी विभागों को लंबित मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की.

बैठक की शुरुआत सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा से हुई. डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से निपटारा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस और वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकार नहीं किया जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके

बुडको की योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

समीक्षा के दौरान बुडको की लंबित परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई. जिला पदाधिकारी ने पिछले वित्तीय वर्ष की अधूरी योजनाओं को जल्द शुरू कराने और नई परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य समय पर पूरे हो सकें.

बाढ़ से पहले पूरी तैयारी रखने को कहा

संभावित बाढ़ को देखते हुए डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए, तटबंधों का नियमित निरीक्षण किया जाए और जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

टीबी मुक्त अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने टीबी मुक्त भारत अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया. उन्होंने सिविल सर्जन को जीविका, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

साथ ही जिला जनसंपर्क कार्यालय को फ्लेक्स, बैनर और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा.

गर्भवती महिलाओं में एनीमिया रोकथाम पर फोकस

बैठक में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की भी समीक्षा की गई.

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें इंट्रावेनस आयरन इन प्रेग्नेंसी (IV Iron) इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा. डीएम ने इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए.

विकास योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

बैठक में नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, डीआरडीए निदेशक अरुण प्रकाश, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: हर साल क्यों डूब जाता है मुजफ्फरपुर? नेपाल से लेकर बूढ़ी गंडक तक जानिए बाढ़ की पूरी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadh kishore

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >