NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव के बाद एक दर्जन हिरासत में

बेतिया में NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया. घटना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर कई लोगों को हिरासत में लिया है.

Bettiah News: बिहार के बेतिया में NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहा प्रदर्शन शनिवार को अचानक हिंसक हो गया. मुहर्रम चौक के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी झड़प हुई. इस दौरान पुलिस प्रशासन पर पथराव किए जाने का आरोप लगा. स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और बाद में आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया.

Student Protest: प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव का आरोप

प्रदर्शन के दौरान अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि उग्र भीड़ की ओर से पुलिस बल पर पथराव किया गया. इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की और उपद्रवियों को मौके से हटाया. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

मकानों में छिपे लोगों की पुलिस ने की तलाश

पथराव के बाद कार्रवाई से बचने के लिए कुछ प्रदर्शनकारियों के आसपास के मकानों में जाकर छिपने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया. अभियान के दौरान करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है.

मुहर्रम चौक पर बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मुहर्रम चौक और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की लगातार निगरानी जारी है.

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान


स्थिति का जायजा लेने के लिए एडीएम राजीव रंजन सिन्हा, एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम विकास कुमार और एसडीपीओ अजित कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

स्थिति नियंत्रण में, चौकसी जारी

प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं. किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गणेश वर्मा

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >