Bagaha Operation NayaSavera: पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में 18 से 25 जुलाई तक चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नया सवेरा-3.0' के तहत जागरूकता अभियान लगातार जारी है. एसपी राजेश कुमार के निर्देशन में रामनगर स्थित राजकीय पार्वती कन्या मध्य विद्यालय में मानव व्यापार निरोध इकाई (एएचटीयू) द्वारा विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह के प्रति किया गया सतर्क
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी, बाल विवाह तथा बच्चों और महिलाओं के शोषण के प्रति जागरूक किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रोजगार और शिक्षा का झांसा देकर लोगों को तस्करी का शिकार बनाया जाता है. सतर्कता और समय पर सूचना देना ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है.
अनजान के बहकावे में न आएं, संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत दें सूचना
अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और निजी जानकारी साझा करने से बचें. संदिग्ध गतिविधि दिखने पर एएचटीयू, नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करने को कहा गया. एसपी राजेश कुमार ने कहा कि जनसहभागिता से ही ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है. मौके पर डीएसपी (यातायात), डीएसपी (रक्षित), थानाध्यक्ष व एएचटीयू टीम मौजूद रही.
ये भी पढ़ें:स्कूलों में जींस-टीशर्ट और रील्स बनाने पर रोक, डीईओ ने ड्रेस कोड का फरमान किया जारी
