बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: मौसम बदलने और गर्मी बढ़ने के साथ ही बगहा-दो प्रखंड के बरवल स्थित तिरहुत नहर का ‘पॉल छलका’ इन दिनों युवाओं के लिए ‘देशी वाटर पार्क’ बन गया है . यहां रील बनाने, स्टंट करने और तैराकी के लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है . हाल ही में एक किशोर की डूबने से हुई मौत के बाद अब स्थानीय प्रशासन और पुलिस काफी सख्त हो गई है . हादसे दोबारा न हों, इसके लिए पुलिस की पैनी नजर इस नहर पर बनी हुई है .
सोशल मीडिया पर रील और स्टंट का क्रेज बढ़ा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तिरहुत नहर का पॉल छलका सोशल मीडिया क्रिएटर्स का पसंदीदा अड्डा बन चुका है . बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और वाल्मीकिनगर जैसे इलाकों से युवक लंबी दूरी तय कर यहां पहुंच रहे हैं . पानी में खतरनाक छलांग लगाना और जोखिम भरे स्टंट के वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम व फेसबुक पर पोस्ट करना युवाओं का शौक बन गया है . रविवार और छुट्टी के दिनों में यहां सैकड़ों की भीड़ जुटती है, जहां बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के युवा गहरे पानी में उतर रहे हैं .
किशोर की मौत के बाद प्रशासन हुआ सख्त
कुछ दिन पूर्व बनकटवा निवासी 13 वर्षीय तुलसी कुमार की इस नहर में डूबने से मौत हो गई थी . इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की थी . घटना से सबक लेते हुए पटखौली थाना पुलिस ने मौके पर निगरानी बेहद कड़ी कर दी है . अब युवाओं को नहर में उतरने और खतरनाक स्टंट करने से सख्ती से रोका जा रहा है .
दिन में 4 से 5 बार पुलिस कर रही गश्ती
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पलकांत ने बताया कि युवकों की बढ़ती भीड़ और रील बनाने की होड़ को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है . गश्ती दल को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं . पुलिस टीम दिन में चार से पांच बार मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है . उन्होंने कहा कि युवाओं को जोखिम भरी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की जा रही है ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो . हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों के प्रति जागरूक होना होगा .
