Bagaha News: व्यवहार न्यायालय परिसर में देर रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. इस अग्निकांड में दो फूस के होटल और चार गुमटियों समेत कुल छह दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं. आग इतनी भयावह थी कि लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.
सिलेंडर फटने से आग ने लिया विकराल रूप
बताया जा रहा है कि एक होटल में रखे गैस सिलेंडर के फटने से आग ने अचानक प्रचंड रूप धारण कर लिया. इस हादसे में मिथलेश और उसके बगल का होटल, राजा साह व शंभू साह की गुमटी सहित दो अन्य दुकानें जल गईं. इन गुमटियों में रखे अदालती फॉर्म और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है.
उत्पाद थाना बाल-बाल बचा
राहत की बात यह रही कि घटनास्थल के ठीक पीछे स्थित उत्पाद थाना इस हादसे में बाल-बाल बच गया. यदि आग थाने तक पहुंचती तो वहां जब्त शराब और सरकारी दस्तावेज नष्ट हो सकते थे. सूचना मिलते ही उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल पुलिस आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच कर रही है.
बगहा से इसराइल अंसारी की रिपोर्ट
