Bettiah: शादी से पहले दूल्हे ने की आत्महत्या, 29 जून को जानी थी बारात

29 जून को जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां अब मातम पसरा है. बगहा के सहसराव गांव में शादी की तैयारियों के बीच युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. आखिर ऐसा क्या हुआ कि दूल्हे ने यह कदम उठा लिया, पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: बगहा के भैरोगंज थाना क्षेत्र के सहसराव गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक का शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.

मृतक की पहचान जोगिंदर चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है.

29 जून को जानी थी बारात

परिजनों के अनुसार, सतीश की शादी तय हो चुकी थी और आगामी 29 जून 2026 को उसकी बारात जानी थी.

घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. मंगल गीत गाए जा रहे थे और शादी के कार्ड भी छप चुके थे. परिवार के लोग रिश्तेदारों और मेहमानों को निमंत्रण देने की तैयारी में जुटे थे.

इसी बीच युवक की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

कमरे में फंदे से लटका मिला शव

ग्रामीणों ने बताया कि सतीश अपने कमरे में गया था. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ.

जब खिड़की से झांककर देखा गया तो वह फंदे से लटका हुआ मिला. इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

पुलिस कर रही जांच

सूचना मिलने के बाद भैरोगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया.

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >