बेतिया में विधवा बच्ची देवी हत्याकांड का बड़ा खुलासा: पूजा घर में मूर्तियों के नीचे छिपा मिला दाब, जमीन विवाद में हुई थी हत्या

बेतिया में कालीबाग थाना क्षेत्र में हुई 55 वर्षीय विधवा बच्ची देवी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार घर के पूजा घर से बरामद हुआ है. प्राथमिक जांच में जमीन के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है.

Bettiah News: बेतिया. कालीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पक्की फुलवारी नुनिया टोली (वार्ड संख्या-5) में बीते मंगलवार की रात 55 वर्षीय विधवा बच्ची देवी की धारदार हथियार से गला रेतकर की गई नृशंस हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. सघन तफ्तीश के दौरान पुलिस ने शनिवार को हत्याकांड में प्रयुक्त मुख्य हथियार (दाब) बरामद कर लिया है. सनसनीखेज बात यह सामने आई है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से खून से सने दाब को घर के अंदर बने पूजा घर में भगवान की मूर्तियों के नीचे छिपा कर रख दिया था.

बहू और पोती के साथ सो रही थी महिला, रात में रेता गया था गला

घटना की पृष्ठभूमि के अनुसार, बीते मंगलवार की रात 55 वर्षीय बच्ची देवी अपने घर में बहू और पोती के साथ सोई हुई थीं. इसी दौरान अज्ञात की तरह घात लगाकर उनकी धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कालीबाग पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ परिजनों व घर के सदस्यों से सघन पूछताछ शुरू की.

बेटा और दो बहुएं पहले ही जा चुकी हैं जेल, दाब की बरामदगी अहम सबूत

पूछताछ के दौरान पारिवारिक सदस्यों के बयानों में भारी विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया. कड़ाई से की गई जांच के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के बड़े पुत्र राजकुमार, उसकी पत्नी सुमन देवी और मंझली बहू अंजू देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. अब शनिवार को घर के पूजा स्थल की बारीकी से ली गई तलाशी के दौरान मूर्तियों के नीचे से वारदात में इस्तेमाल दाब मिलने के बाद पुलिस इसे अभियोजन पक्ष के लिए एक पुख्ता और सबसे अहम कानूनी साक्ष्य मान रही है.

जमीन बिक्री के रुपयों के बंटवारे को लेकर उपजा था विवाद

पुलिस की अब तक की प्राथमिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हाल ही में बेची गई जमीन से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर घर के अंदर गंभीर कलह चल रही थी. इसी पारिवारिक विवाद और रुपयों की लालच में वारदात को अंजाम दिए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है. कालीबाग थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार की विधिवत जब्ती सूची बनाकर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस हत्या के मूल कारणों और इसमें संलिप्त अन्य संभावित कड़ियों की हर पहलू से गहन जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: कुत्ते को बचाने में बाइक दुर्घटनाग्रस्त, इलाज के दौरान युवक की मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >