Paper Leak Protest: पेपर लीक के विरोध और दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन के समर्थन में सोमवार को आइसा, इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) और भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने बेतिया में प्रतिवाद मार्च निकाला.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाई और पेपर लीक की घटनाओं पर विरोध जताया.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग
आरवाईए नेता संजय मुखिया और सोनू इमाम ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और इस पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए.
जंतर-मंतर के अनशन को बताया जनसमर्थन मिल रहा
वक्ताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर आइसा अध्यक्ष नेहा, मनीष और आमीन द्वारा किया जा रहा अनशन लगातार समर्थन हासिल कर रहा है.
उन्होंने आंदोलन को छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा बताते हुए इसे आगे भी जारी रखने की बात कही.
सोनम वांगचुक को हटाने की कार्रवाई की निंदा
सभा में वक्ताओं ने सोनम वांगचुक को धरना स्थल से हटाने की कार्रवाई की आलोचना की.
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए इसकी निंदा की तथा पूरे चंपारण में आंदोलन तेज करने का संकल्प व्यक्त किया.
कई नेताओं ने किया संबोधित
सभा को भाकपा माले के नेता संजय यादव, संजय राम, वीरेंद्र पासवान, जौवाहर प्रसाद, सुरेंद्र, अफाक, आइसा के हसमत आजम, विनोद यादव, संजय मुखिया, भरत शर्मा, केदार राम, अच्छेमाल पासवान, मनोज कर्ण, नवीन हुआ, नंदकिलोर महतो, अजीत समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.
