नरकटियागंज में लंबित टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें, थरूहट विकास अभिकरण की बैठक में डीएम सख्त

बेतिया जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने थरूहट विकास अभिकरण की समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने लंबित टेंडरों को अविलंब पूरा करने और गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही.

बेतिया: जिले के थरूहट क्षेत्र के समग्र एवं समावेशी विकास के लिए संचालित विकासात्मक योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यह कड़ा निर्देश जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समेकित थरूहट विकास अभिकरण की विस्तृत समीक्षा बैठक के दौरान दिया. बैठक में अभिकरण के तहत संचालित विभिन्न भौतिक और वित्तीय योजनाओं की बिंदुवार प्रगति का जायजा लिया गया.

179 करोड़ की लागत से 357 योजनाओं की मिली थी स्वीकृति

बैठक के दौरान समेकित थरूहट विकास अभिकरण के प्रभारी पदाधिकारी अहमद अली अंसारी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिए योजनाओं की अद्यतन स्थिति और भौतिक प्रगति प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010-11 से 2026-27 तक अभिकरण के अंतर्गत कुल 357 योजनाएं स्वीकृत और क्रियान्वित की गई हैं. इन सभी योजनाओं की कुल लागत 17,924.23 लाख रुपये (करीब 179.24 करोड़) है. इनमें से 295 योजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जबकि अब तक कुल स्वीकृत राशि का 73.97 प्रतिशत व्यय किया जा चुका है. शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है.

नरकटियागंज में लंबित टेंडर शीघ्र पूरा करने का सख्त निर्देश

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग, नरकटियागंज प्रमंडल के अंतर्गत लंबित पड़ी टेंडर प्रक्रियाओं को अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए. डीएम ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया को तय समय में निष्पादित कर संबंधित योजनाओं का धरातल पर निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराया जाए. इसके अलावा जिन योजनाओं पर निर्माण कार्य पहले से चल रहा है, उन्हें तकनीकी प्राक्कलन और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से तेजी से पूरा कराया जाए. डीएम ने स्पष्ट किया कि लंबित योजनाओं को प्राथमिकता सूची में रखकर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें.

लापरवाह अधिकारियों पर शोकॉज, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी कार्यकारी एजेंसियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें. डीएम ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि जिन अधिकारियों या एजेंसियों की वजह से काम में अनावश्यक लेटलतीफी या लापरवाही सामने आएगी, उन्हें तुरंत कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी किया जाएगा. यदि इसके बाद भी कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा, तो संबंधित के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

बैठक में डीडीसी सहित कई प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित

इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) काजले वैभव नितिन, समेकित थरूहट विकास अभिकरण के प्रभारी पदाधिकारी अहमद अली अंसारी, विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और संबंधित विभागों के तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर थरूहट क्षेत्र की अधोसंरचना को मजबूत करने का निर्देश दिया गया.


ये भी पढ़ें: मां को याद करने का अनोखा तरीका, पुण्यतिथि पर प्रधानाध्यापक ने स्कूल में ही 600 बच्चों को कराया भोज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >