बेतिया: नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (NBPDCL) ने अगस्त माह के लिए बेतिया सदर शहरी सब डिवीजन को 7.35 करोड़ रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया है. लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग ने 600 से अधिक बड़े बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करने का फैसला लिया है. 60 दिन या उससे अधिक समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा.
600 से अधिक बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
सदर शहरी सब डिवीजन के सहायक अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि विभाग रोजाना बिजली की खपत और राजस्व वसूली की समीक्षा कर रहा है. बेतिया टाउन-1 और टाउन-2 प्रशाखा के 600 से अधिक बड़े बकायेदारों की पहचान कर ली गई है. यदि उन्होंने जल्द बकाया राशि जमा नहीं की तो नियमानुसार उनका बिजली कनेक्शन विच्छेद कर दिया जाएगा.
जीरो कंजम्पशन और नेगेटिव बैलेंस की भी होगी जांच
बिजली विभाग ने सभी विद्युत आपूर्ति प्रशाखाओं को बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और प्रतिदिन वसूली की समीक्षा करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही सामान्य से कम खपत, जीरो कंजम्पशन और नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की भी जांच की जाएगी. प्रत्येक प्रशाखा में ऐसे 300 उपभोक्ताओं को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई होगी.
अवैध बिजली उपयोग पर दर्ज होगा केस
सहायक अभियंता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बकाया के कारण बिजली कनेक्शन पहले ही काटा जा चुका है, लेकिन वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जाएगा.
50 उपभोक्ताओं पर एफआईआर का लक्ष्य
विभाग ने अगस्त माह में बिजली कंपनी को नुकसान पहुंचाने वाले कम से कम 50 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का भी लक्ष्य तय किया है. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है, ताकि कनेक्शन कटने और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके.
यह भी पढे़ं: बिहार डीएलएड 2026: आज जारी होगा रिजल्ट, ऐसे डाउनलोड करें स्कोर कार्ड
