West Champaran News: पश्चिम चंपारण जिले के मटियरिया थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. द्वारदह नदी में स्नान के दौरान 7 वर्षीय प्रिंस कुमार की डूबने से मौत हो गई. वह मिथुन महतो का पुत्र था.
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोस्तों के साथ नहा रहा था प्रिंस
जानकारी के अनुसार, प्रिंस अपने दोस्तों बंटी, बिट्टू और शिवा के साथ नदी में नहाने गया था.
नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. घबराए बच्चों ने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.
ग्रामीणों ने निकाला, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन के बाद प्रिंस को नदी से बाहर निकाला.
इसके बाद उसे इलाज के लिए रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने कही यह बात
अंचल अधिकारी (सीओ) रणधीर कुमार ने घटना की पुष्टि की है.
वहीं मटियरिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलने के बाद पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
लापता रेहान की तलाश जारी
इधर, शिकारपुर थाना क्षेत्र की पंडई नदी में 16 जुलाई से लापता रेहान की तलाश रविवार को भी जारी रही.
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था. पुलिस और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.
