West Champaran News: रामनगर. नगर के मां लक्ष्मी विवाह भवन सभागार में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 65वीं वाहिनी की ओर से नागरिक कल्याणकारी कार्यक्रम 2024-26 का समापन समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल, बगहा विधायक राम सिंह, उप महानिरीक्षक हरि प्रकाश, कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा समेत एसएसबी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे.
सीमा सुरक्षा के साथ सामाजिक विकास को बताया प्राथमिकता
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल की जिम्मेदारी केवल सीमा की सुरक्षा तक सीमित नहीं है. सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के साथ विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करना तथा सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान देना भी बल की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से 65वीं वाहिनी की ओर से कई नागरिक कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए गये.
युवाओं और महिलाओं को कई तरह का प्रशिक्षण
एसएसबी की ओर से मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रीशियन, ब्यूटीशियन, मोटर ड्राइविंग, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, कंप्यूटर प्रशिक्षण और सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम चलाए गए. इन पहलों का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना रहा.
जैविक खेती और सोलर लाइट पर भी काम
ग्राम बनकटवा दोन में जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया. इसके अलावा सीमावर्ती गांवों में स्ट्रीट सोलर लाइट लगाने की पहल की गयी. ग्राम डुमरी में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया.
30 ब्यूटीशियन प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र
समापन समारोह के दौरान अतिथियों की मौजूदगी में जैविक खेती के लिए स्प्रे मशीन और स्ट्रीट सोलर लाइट का वितरण किया गया. सीमावर्ती क्षेत्र की 30 ब्यूटीशियन प्रशिक्षणार्थियों को भाजपा जिला महामंत्री अजया शर्मा राय, निहारिका नूतन और निधि राय ने प्रमाणपत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा. ‘सांसों के सरगम लाए सुस्वागतम’ गीत पर बच्चियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया. हीप हॉप डांस क्लासेज के सौजन्य से ‘आयो रे शुभ दिन आयो रे’ और ‘नुबुडा लाए दो’ सहित अन्य गीतों पर बच्चों ने प्रस्तुतियां दीं. ‘पांव में पायल, हाथ में कंगन हो, माथे पर बिंदिया’ पर एकल नृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं.
फुटबॉल विजेता टीम को मिली बड़ी ट्रॉफी
फुटबॉल टूर्नामेंट में बनकटवा टीम विजेता रही. विजेता टीम को बड़ी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. पिपरा दोन की उपविजेता टीम को कप और खिलाड़ियों को टी-शर्ट प्रदान की गयी. बगही सखुआनी और सोनवर्षा टीम के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया. विजयी ट्रॉफी के साथ खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा.
समारोह में ब्रांड एंबेसडर सदाकांत शुक्ल, मधुकर राय, सूर्य प्रसाद सिंह, नागेंद्र साह, संजय मिश्र, जनक साह समेत बड़ी संख्या में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे. अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी खाली हाथ लौट रहे किसान, यूरिया के लिए दुकान-दुकान भटकने की मजबूरी
