Mainatand Snake Bite News: मैनाटांड़ प्रखंड के इनरवा थाना क्षेत्र स्थित खम्हियां गांव में सांप के काटने से 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई. मृतका की पहचान शबाब मियां की पुत्री सिमरन खातून के रूप में हुई है. वह गांव के विद्यालय में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी.
घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए बेतिया ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी.
नमक लेने गई थी, तभी सांप ने डंस लिया
परिजनों के अनुसार, सिमरन की मां घर में खाना बना रही थीं. उन्होंने सिमरन को घर के अंदर से नमक लाने के लिए भेजा.
जैसे ही सिमरन नमक लेने पहुंची, वहां छिपे एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया. सर्पदंश के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजन बच्ची को तत्काल बेहतर इलाज के लिए बेतिया लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे खम्हियां गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में गांवों में विषैले सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं.
ग्रामीणों ने लोगों से घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा बारिश के दिनों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. सिमरन की असमय मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल है.
