Begusarai News : बेगूसराय के जीडी कॉलेज में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.
युवाओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने दिया संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं. यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान है. इसके तहत अगले 100 सप्ताह तक देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके और समाज में नशामुक्ति का जनआंदोलन खड़ा किया जा सके.
बिहार सरकार की पहल का किया उल्लेख
मंत्री ने कहा कि बिहार इस दिशा में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत रहा है. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लागू की गई शराबबंदी सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था. वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान, विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रमों तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशे पर रोक लगाना नहीं, बल्कि नशे से प्रभावित लोगों को उपचार, परामर्श और सम्मानजनक जीवन देकर मुख्यधारा से जोड़ना भी है.
छात्र-छात्राओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया. सभी ने यह प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. शशिकांत पांडेय, जीडी कॉलेज के प्राचार्य, पुलिस अधीक्षक मनीष, डीडीसी आकाश चौधरी, डीसीएलआर अभिषेक राज सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
Also Read : वारिसलीगंज के हरिओम कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पाई सफलता, क्षेत्र का बढ़ाया मान
