बेगूसराय: राजेंद्र पुल के समानांतर बने नए डबल लाइन रेल पुल से अक्टूबर 2026 से दौड़ेंगी ट्रेनें, सितंबर-अक्टूबर में 384 ट्रेनों का रूट बदलेगा

बेगूसराय और मोकामा के बीच राजेंद्र पुल के समानांतर बने नए डबल लाइन रेल पुल से अक्टूबर 2026 में ट्रेनों का परिचालन शुरू होने वाला है. हालांकि, 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 384 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और कई ट्रेनें रद्द रहेंगी.

Begusarai New Rail Bridge: बेगूसराय और मोकामा के बीच गंगा नदी पर राजेंद्र पुल के समानांतर बनाए गए नए डबल लाइन रेल पुल से अक्टूबर 2026 से ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है. नए पुल को मौजूदा रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) का व्यापक कार्य किया जाएगा. इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.

21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा एनआई कार्य

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि दानापुर मंडल के राजेंद्र पुल, उपरी हाथीदह, टाल, रामपुर डुमरा तथा सोनपुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया क्षेत्र में नए रेल पुल को मौजूदा डबल लाइन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन के बीच मुख्य रेल लाइन का नया कनेक्शन भी स्थापित किया जाएगा. इसके लिए 21 अगस्त से प्री-एनआई कार्य शुरू होगा.

कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, 384 ट्रेनों का बदलेगा मार्ग

रेलवे के अनुसार एनआई कार्य के दौरान राजेंद्र पुल होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है. वहीं 20 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच अलग-अलग दिनों में 1 से 36 तक ट्रेनें रद्द रहेंगी. पूरे कार्यकाल में 384 ट्रेनों का परिचालन परिवर्तित मार्ग से कराया जाएगा. इसके अलावा 56 ट्रेनों का आंशिक समापन तथा 67 ट्रेनों का आंशिक प्रारंभ किया जाएगा.

करीब 1,491 करोड़ रुपये की लागत से बना नया रेल पुल

गंगा नदी पर स्थित मौजूदा रेल-सह-सड़क राजेंद्र पुल वर्ष 1959 में शुरू हुआ था. इस पुल पर केवल सिंगल रेल लाइन है और तकनीकी कारणों से इसका दोहरीकरण संभव नहीं था. बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए वर्ष 2015-16 के रेल बजट में करीब 1,491.47 करोड़ रुपये की लागत से नए रेल पुल के निर्माण को मंजूरी दी गई थी. 12 मार्च 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था.

दोहरी रेल लाइन से बढ़ेगी परिचालन क्षमता

नया रेल पुल मौजूदा राजेंद्र पुल के समानांतर लगभग 50 मीटर की दूरी पर बनाया गया है. इस पर दोहरी रेल लाइन बिछाई गई है. मुख्य पुल की लंबाई करीब 1.9 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच लाइन सहित पूरी परियोजना लगभग 14 किलोमीटर लंबी है. परियोजना के तहत 9 छोटे पुल, 2 सड़क ओवरब्रिज और 3 रेल ओवरब्रिज का भी निर्माण किया गया है.

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच रेल संपर्क होगा मजबूत

नई व्यवस्था के तहत पुल उत्तर दिशा में हाथीदह, टाल और रामपुर डुमरा स्टेशन तथा दक्षिण दिशा में राजेंद्र पुल, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन से सीधे जुड़ेगा. रेलवे का मानना है कि नए डबल लाइन रेल पुल के शुरू होने के बाद इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित होगा.

Also Read: आज पूरे बिहार में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, इन 10 जिलों में ज्यादा रहेगा प्रभाव, IMD की एडवाइजरी जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >