बेगूसराय जिले के मटिहानी पंचायत दो की मुखिया आशा सिंह ने अंचल कार्यालय में आवेदन देकर सामुदायिक किचन चालू करने, प्लास्टिक शीट, सूखा राशन और मवेशियों के लिए भूसा वितरण करने सहित विभिन्न राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है.
ठेकेदार ने बंद किया किचन
मुखिया आशा सिंह ने बताया कि मटिहानी पंचायत दो में 5 दिनों तक सामुदायिक किचन शिविर चलने के बाद ठेकेदार के द्वारा इसे बंद कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि मटिहानी पंचायत का वार्ड नंबर 15 पूरी तरह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है.
घरों में घुसा बाढ़ का पानी
उन्होंने बताया कि इस वार्ड में लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है, जिससे चूल्हा जलना भी मुश्किल हो रहा है. अधिकांश लोग अपने मवेशियों को लेकर ऊंचे स्थानों पर रह रहे हैं और भोजन के लिए इसी शिविर में आते थे.
सरकारी सूची में नाम दर्ज हो
उन्होंने बताया कि पूर्व में सामुदायिक किचन चलता था लेकिन इस बार सरकारी सूची में नाम दर्ज नहीं था, जबकि पिछले साल बाढ़ के दौरान इस पंचायत में सामुदायिक किचन चलाया गया था. इस वार्ड के बाढ़ प्रभावित लोगों को सरकारी सहायता राशि मिलनी चाहिए.
आंदोलन की दी चेतावनी
मुखिया ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित लोगों को राहत व सहायता राशि नहीं मिलती है, तो वे लोग धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे. इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार राय, ग्रामीण लक्ष्मण यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
