Begusarai News: बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर पंचायत के मुसहरी गांव में पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में कुल आठ लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया.
घर की मरम्मत के दौरान बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुसहरी गांव (वार्ड 10) निवासी रामशंकर राय और रीझन राय के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. मंगलवार की सुबह घर की मरम्मत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से मारपीट शुरू हो गई.
दोनों पक्षों से ये लोग हुए जख्मी
मारपीट में एक पक्ष से रामशंकर राय (62), उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55), पुत्र रवीन्द्र कुमार (31), पुत्रवधू चांदनी कुमारी (25) और पुत्री कोमल कुमारी (21) घायल हुए. इनमें से रामशंकर राय, मुन्नी देवी और रवीन्द्र कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेगूसराय रेफर किया गया है. वहीं दूसरे पक्ष से रीझन राय, उनके पुत्र मुकेश कुमार और पार्वती देवी जख्मी हुए हैं.
छिनतई और मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
रामशंकर राय ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि विरोध करने पर विरोधियों ने लाठी-डंडे, खंती व रॉड से हमला किया, पत्नी के गले से सोने की चकती छीन ली और बेटे की जेब से ₹5,000 निकाल लिए. बुधवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ खोदावंदपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के अनुसार आवेदनों के आधार पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
