बेगूसराय में प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान गरीब रथ की चपेट में आईं मां-बेटी, लखमिनिया स्टेशन पर दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत

Lakhminia Railway Station : बेगूसराय के लखमिनिया रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रही मां-बेटी अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. जीआरपी और आरपीएफ ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

बेगूसराय से विकाश मिश्रा
Lakhminia Railway Station : जिले के लखमिनिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई. प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रही दोनों महिलाएं अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं. हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

पैगंबरपुर की रहने वाली थीं दोनों मृतक

मृतकों की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत पैगंबरपुर ठाकुरबाड़ी टोला वार्ड संख्या-11 निवासी रामप्रीत शाह की 55 वर्षीय पत्नी फूदो देवी और उनकी 21 वर्षीय पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है. अर्चना की शादी बलिया थाना क्षेत्र के प्रताड़पुर गांव में हुई थी.

ससुराल से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार फूदो देवी अपनी बेटी से मिलने प्रताड़पुर स्थित उसके ससुराल गई थीं. गुरुवार को मां-बेटी वापस घर लौट रही थीं. इसी दौरान वे लखमिनिया रेलवे स्टेशन पहुंचीं और प्लेटफॉर्म संख्या-1 से प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने लगीं. उसी समय बरौनी की ओर से खगड़िया जा रही अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी. ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

जीआरपी और आरपीएफ ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. आरपीएफ इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए ट्रैक पार कर रही थीं. इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गईं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.

गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही पैगंबरपुर गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया है. रेलवे प्रशासन द्वारा बार-बार ट्रैक पार नहीं करने की चेतावनी के बावजूद इस तरह की घटनाएं सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को फिर से रेखांकित करती हैं.

इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच करेंगे पटना HC के रिटायर्ड जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा, कैबिनेट ने दी मंजूरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >