India Innovates Expo: बेगूसराय की प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का नाम रोशन किया है. जीडी कॉलेज बेगूसराय के भौतिकी विभाग से जुड़े डॉ. उपेंद्र कुमार के पुत्र तुषार कुमार ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित BRICS India Innovates Expo में भारतीय फ्लोटिंग सोलर तकनीक का प्रदर्शन किया.
एक्सपो में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारतीय डीप-टेक और नवाचार आधारित तकनीकों का अवलोकन किया. केंद्रीय मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में देशभर से चयनित 37 भारतीय स्टार्टअप को अपनी तकनीकी क्षमता और स्वदेशी नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर मिला.
क्वांट-सोलर टेक्नोलॉजी की ओर से किया प्रोजेक्ट का प्रदर्शन
एक्सपो में क्वांट-सोलर टेक्नोलॉजी की ओर से सह-संस्थापक पंकज कुमार और मैनेजर तुषार कुमार ने अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया. टीम ने जटिल जल निकायों के लिए विकसित अत्याधुनिक फ्लोटिंग सोलर फोटोवोल्टिक प्लेटफॉर्म प्रस्तुत किया.
यह तकनीक जलाशयों और अन्य जल निकायों की सतह का उपयोग कर सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने की दिशा में विकसित की गयी है. फ्लोटिंग सोलर तकनीक के जरिये जमीन पर सोलर प्लांट लगाने के लिए अतिरिक्त भूमि की जरूरत को कम करने की संभावना है.
जल संरक्षण और हरित ऊर्जा पर फोकस
फ्लोटिंग सोलर तकनीक का मूल उद्देश्य जल निकायों की सतह पर सौर ऊर्जा का उत्पादन करना है. इससे उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने के साथ नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा मिल सकता है. जल संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी इस तकनीक के इस्तेमाल की संभावनाएं बतायी जा रही हैं.
एक्सपो में क्वांट-सोलर टेक्नोलॉजी के प्लेटफॉर्म को स्वदेशी नवाचार और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाशील तकनीक के तौर पर प्रस्तुत किया गया.
विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े परिवार से हैं तुषार
तुषार कुमार के पिता डॉ. उपेंद्र कुमार जीडी कॉलेज बेगूसराय के भौतिकी विभाग से जुड़े हैं. इसके साथ ही वे राजकीय डिग्री कॉलेज वीरपुर में प्रोफेसर इंचार्ज की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं.
विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े परिवार से आने वाले तुषार ने तकनीकी नवाचार के बड़े मंच तक पहुंचकर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा पेश की है. उनकी उपलब्धि को बेगूसराय के शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
छोटे शहरों की प्रतिभाओं के लिए बनी प्रेरणा
ब्रिक्स जैसे बड़े मंच पर तुषार कुमार की भागीदारी से बेगूसराय के युवाओं और शिक्षा जगत में उत्साह है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे शहरों और कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाओं को अगर उचित अवसर और मंच मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं.
फ्लोटिंग सोलर तकनीक जैसे स्वदेशी नवाचार के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन से तुषार कुमार ने बेगूसराय की युवा प्रतिभाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है.
