बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai New : जिले में महिला के साथ दुष्कर्म की हालिया घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और शर्मनाक वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इस बार जिले के मंझौल थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग द्वारा 10 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है.
आम चुनने के बहाने ले जाकर दिया घटना को अंजाम
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान राम बालक पंडित (60) के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने मासूम बच्ची को आम चुनने का बहाना बनाकर बगीचे में ले गया. सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद बच्ची की हालत और उसके बयान से परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई. इसके बाद परिजनों ने तत्काल मंझौल थाना पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को जेल भेज जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पीड़ित बच्ची और आरोपी दोनों को मेडिकल जांच के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा है. जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया गया. मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.
