बेगूसराय. प्रेक्षागृह में डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिले के सभी 263 हाइस्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विद्यालयों के संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक का उद्देश्य जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हुए विद्यार्थियों के लिये बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है. बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी विद्यालयों में समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए शिक्षकों की नियमित एवं समय पर उपस्थिति को अनिवार्य बताया. साथ ही छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से सीधे संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया. शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का नियमित संचालन हो. स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब तथा आईएसएम लैब का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. जिला पदाधिकारी ने उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर जोर देते हुए पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं को सक्रिय रखने तथा खेल सामग्री का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त सभी विद्यालयों में ‘यूथ एवं इको क्लब’ को सक्रिय रूप से संचालित करने को कहा गया. बुनियादी सुविधाओं के संदर्भ में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में बिजली, क्रियाशील शौचालय तथा पेयजल (चापाकल) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय. साथ ही विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) समेत अन्य मौजूद थे.
शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ विद्यालय संचालन व उपस्थिति पर दिया गया जोर
प्रेक्षागृह में डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिले के सभी 263 हाइस्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.
