Begusarai News: जिले के साहेबपुरकमाल में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. एनएच 31 फोरलेन सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई. मृतक की पहचान साहेबपुरकमाल पूर्वी पंचायत के कल्याणपुर वार्ड संख्या 3 निवासी स्वर्गीय वसंत साह के 70 वर्षीय पुत्र टुनटुन साह के रूप में की गई है. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.
मवेशियों को चारा देने जाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि "टुनटुन साह बेहद गरीब परिवार से आते थे और सड़क पार डेरा बनाकर पशुपालन का कार्य करते थे." रोज की तरह मंगलवार की शाम भी वह घर से मवेशियों को चारा खिलाने के लिए डेरा की ओर जा रहे थे. जैसे ही वह एनएच पार करने लगे, तभी कुरहा की तरफ से रघुनाथपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद चालक अपनी बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने घायल वृद्ध को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां इलाज के क्रम में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया.
शव सड़क पर रखकर दो घंटे तक किया हंगामा
बुधवार की सुबह जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. गुस्साए लोगों ने कल्याणपुर गांव के समीप शव को एनएच 31 पर रखकर सड़क जाम कर दी और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों छोर पर ट्रकों और यात्री वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा.
पुलिस और जनप्रतिनिधियों की पहल पर खुला जाम
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित ग्रामीणों व पीड़ित परिजनों से वार्ता की. प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के उपरांत सड़क जाम समाप्त हुआ और वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका.
ये भी पढ़ें- बेगूसराय: साहेबपुरकमाल के पंचवीर में दुर्गा पूजा की तैयारी, नाटक-नृत्य समेत होंगे कई कार्यक्रम
