Begusarai News : बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहमा तीनमुहानी से खातोपुर जाने वाले रिंग बांध के किनारे कैथमा बीच स्थित झाड़ियों से शनिवार को एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंक दिया गया. जानकारी के अनुसार बारिश थमने के बाद कुछ युवक रिंग बांध पर घूमने गए थे. इसी दौरान झाड़ियों की ओर से तेज दुर्गंध आने पर वे वहां पहुंचे, जहां एक युवक का सिर कटा शव पड़ा मिला. इसके बाद तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी गई.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. बाद में सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय भी घटनास्थल पहुंचे. एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है.
पहचान के लिए खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार शव काफी हद तक सड़-गल चुका है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या करीब एक सप्ताह पहले हुई होगी. मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, ताकि शव की पहचान हो सके.
डीएसपी बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को यहां फेंका गया है. उन्होंने कहा कि एफएसएल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
Also Read : बारिश से मिली गर्मी से राहत, लेकिन वीरपुर में जलजमाव बना मुसीबत
