Begusarai News: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ किए गए व्यवहार के विरोध में बेगूसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया.
शहर में निकाला मार्च, कैंटीन चौक पर फूंका पुतला
विचार मंच के अध्यक्ष राम पदार्थ यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तख्तियों और नारों के साथ शहर के हड़ताली चौक से कचहरी चौक होते हुए कैंटीन चौक तक विरोध मार्च निकाला. कैंटीन चौक पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया. राम पदार्थ यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, रत्नेश टुल्लू और मोहित सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं व जनप्रतिनिधियों पर अत्याचार कर अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा कर रही है.
बीहट चांदनी चौक पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
उधर, बीहट प्रतिनिधि के अनुसार, बेगूसराय जिला यूथ कांग्रेस ने नीट पेपर लीक और दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीहट चांदनी चौक पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका. जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता नारायण सिंह ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने वाले परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. युवाओं पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है और कांग्रेस छात्रों के इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है.
कई दिग्गज नेता व कार्यकर्ता रहे शामिल
प्रदर्शन में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, अजय चौधरी, शंभू सिंह, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मो. जफर, लीगल सेल जिलाध्यक्ष संजय सम्राट, कमल सहनी, पवन कुमार, गुंजेश कुमार, बद्री सिंह, मुकेश कुमार, अनिल सिंह, प्रकाश सिंह, शैलेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस व यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
