बेगूसराय के लाल और जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात रहे BSF जवान मनीष कुमार सिंह का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर शुक्रवार को सिमरिया गंगा घाट पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. जवान के बड़े भाई कृष्ण गौतम के बेटे आशीष गौतम ने मुखाग्नि दी. अंतिम विदाई के दौरान मातमी धुन के बीच सैन्य सम्मान के साथ जवान को श्रद्धांजलि दी गई. इस दौरान मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं.
मनीष कुमार सिंह अमर रहें, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से सिमरिया गंगा घाट और आसपास का इलाका गूंज उठा. तिरंगे में लिपटे जवान के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. देश के लिए सेवा देने वाले जवान की विदाई के दौरान लोगों में गम के साथ उनके बलिदान पर गर्व का भाव भी नजर आया.
बीहट चांदनी चौक पर लोगों ने फूल बरसाकर दी श्रद्धांजलि
मनीष कुमार सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान बीहट चांदनी चौक पर भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके पार्थिव शरीर के इंतजार में खड़े रहे. लोगों के हाथों में फूल थे और आंखों में आंसू. डॉ कुंदन कुमार, अंशु कुमार और गोविंद के नेतृत्व में साइकिल पे संडे टीम के सदस्य जवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे.
इसके अलावा भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील कुमार, मंडल अध्यक्ष यशस्वी आनंद, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष गौरव कुमार, बीहट नगर परिषद के पूर्व मुख्य पार्षद अशोक कुमार, उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, कुमार राजा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर बीहट चांदनी चौक पहुंचा, वहां मौजूद लोगों ने फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी. लोगों ने नम आंखों से अपने क्षेत्र के बलिदानी जवान को अंतिम विदाई दी. इस दौरान भारत माता की जय और मनीष कुमार सिंह अमर रहें के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा.
इसके बाद जवान की अंतिम यात्रा सिमरिया गंगा घाट के लिए रवाना हुई. वहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. मनीष कुमार सिंह की अंतिम विदाई में शामिल हर व्यक्ति भावुक नजर आया. तिरंगे में लिपटे जवान को विदाई देते समय लोगों ने देश सेवा के उनके जज्बे को नमन किया.
