भगवानपुर. थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित दलित मोहल्ले में एक नवविवाहित महिला का शव अपने घर में ही गले में फंदा लगा हुआ मिलने से गांव में सनसनी फैल गई. मृतका का पहचान भगवानपुर गांव स्थित वार्ड संख्या छः निवासी अमर सदा की करीब 21 वर्षीय पत्नी मीनू देवी के रूप में हुई. उक्त घटना के बाद मृतिका के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई. वहीं इसकी सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार के नेतृत्व में एसआई बीरेंद्र कुमार अपने पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल भेजते हुए मामले की छानबीन में जुट गए. बताया जाता है कि मृतिका के गले पर फंदे का निशान पाया गया है. जानकारी के अनुसार मृतिका की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. मृतिका की मायके समस्तीपुर जिला के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जितवारपुर गांव बताया गया है. परिजनों ने बताया कि मृतिका का पति अमर सदा एवं उसकी सास गुड़िया देवी सुबह खाना खाकर मजदूरी करने गांव से बाहर गए थे. उस समय मीनू देवी घर में अकेली थी. इसी दौरान उसकी छोटी ननद ने घर के अंदर एस्बेस्टस नुमा घर के बल्ले से साड़ी के सहारे झूलता शव देखा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इधर इस संबंध में थाना अध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है.
घर में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव स्थित दलित मोहल्ले में एक नवविवाहित महिला का शव अपने घर में ही गले में फंदा लगा हुआ मिलने से गांव में सनसनी फैल गई.
