Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध पंक्तियों का हवाला देते हुए विपक्ष की चुप्पी और तटस्थता पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध, जो तटस्थ हैं समय लिखेगा उनका भी अपराध. इन पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि जो लोग देश के मुद्दों पर चुप हैं या केवल अपनी पार्टी के वोट बैंक को बचाने में लगे हैं, वे भी उतने ही दोषी हैं जितने कि समस्या पैदा करने वाले.
वोट बैंक को बचाने के लिए देशहित से समझौता
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब देश संकट में हो और राष्ट्र की अस्मिता दांव पर हो, तब तटस्थ रहना या राजनीतिक लाभ देखना अपराध के समान है. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे केवल अपने वोट बैंक को बचाने में लगे हैं और देशहित से समझौता कर रहे हैं.
तुष्टीकरण की राजनीति कर रहा विपक्ष
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस समेत कई क्षेत्रीय दलों पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनावी फायदे के लिए राष्ट्रहित को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा. गिरिराज सिंह ने मुस्लिम तुष्टीकरण का मुद्दे को उठाया है. उन्होंने सीधे तौर पर ममता बनर्जी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव का नाम लेते हुए कहा कि ये सभी नेता सिर्फ वोट बैंक की खातिर राजनीति कर रहे हैं.
भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए नुकसानदेह
उन्होंने कहा कि जब बात वोटों की आती है, तो ये नेता राष्ट्रहित को पीछे छोड़ देते हैं. विशेष समुदाय को खुश करने में लग जाते हैं. गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जब हम देश को कम महत्व देते हैं और अपनी पार्टी के वोटों को सर्वोपरि रखते हैं, तो आने वाली पीढ़ियां और इतिहास हमें दोषी ठहराता है. उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की यह नीति भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए बहुत ही नुकसानदेह है.
(बेगूसराय से विकाश मिश्रा)
ALSO READ: Nawada News: नवादा में ट्रैफिक सुधार को लेकर प्रशासन सख्त, एसडीओ अमित अनुराग ने की उच्चस्तरीय बैठक
