Begusarai News : प्रखंड के भदरिया स्थित अमरपुर राजकीय डिग्री महाविद्यालय में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल उद्घाटन के बाद महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक जयंत राज, एडीएम अजीत कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलिराम प्रसाद सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
ग्रामीण छात्रों को अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयंत राज ने कहा कि यह क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का क्षण है. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है. भदरिया राजकीय डिग्री महाविद्यालय शुरू होने से अमरपुर और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें.
पंचायत के लिए ऐतिहासिक दिन
भदरिया पंचायत की मुखिया निधि नेहा ने कहा कि डिग्री महाविद्यालय का संचालन शुरू होना पंचायत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे स्थानीय विद्यार्थियों को घर के पास ही उच्च शिक्षा मिलेगी और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा.
पलायन रुकेगा, शिक्षा को मिलेगी नई दिशा
युवा समाजसेवी प्रशांत कापरी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है. अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में पलायन नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस महाविद्यालय को जिले के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में एडीएम अजीत कुमार, सीओ आकाशदीप सिन्हा, प्रभारी बीडीओ, बीईओ राहुल कुमार, अंचल सीआई राजेश कुमार झा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पूर्व मुखिया शिव मंडल, मुखिया प्रशांत मंडल, पंचायत समिति सदस्य मनोज शर्मा, सरपंच नेहा शर्मा, अरविंद यादव, कृष्णानंद कापरी, कुंदन कुमार, राकेश कुमार, चंदन पंजियारा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष विमल सिंह, जनार्दन मांझी, सुरेंद्र शर्मा, गौतम मोदी, गणेशलाल दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
