भागलपुर से बेगूसराय आयी बारात में हर्ष फायरिंग, नाच-गान के दौरान गोली चलाई, दुल्हन के चाचा को ही लगी

Begusarai News बेगूसराय के हरपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हन के चाचा गंभीर रूप से घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी.

Begusarai News : बरौनी रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दुल्हन के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान हरपुर वार्ड-13 निवासी स्व. कैलाश सिंह के 45 वर्षीय पुत्र विपिन सिंह के रूप में हुई है. उन्हें दो गोलियां लगी हैं और शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है.

एक गोली कमर के पास दूसरी जांघ में लगी, इलाजरत

जानकारी के अनुसार, हरपुर निवासी प्रवीण कुमार सिंह की पुत्री की शादी में भागलपुर जिले के तेलगी से बारात आई थी. सोमवार देर रात करीब 12 बजे गाजे-बाजे के साथ बारात द्वारपूजा के लिए आगे बढ़ रही थी. बाबा स्थान के समीप बारात में शामिल लोग नाच-गाकर जश्न मना रहे थे. इसी दौरान भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान चली दो गोलियां विपिन सिंह को जा लगीं. एक गोली उनकी कमर के पास और दूसरी जांघ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े.

घटना के बाद मच अफरा-तफरी

घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआत में लोगों को लगा कि पटाखे या बम के पत्थर लगने से वे घायल हुए हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद गोली लगने की पुष्टि की. आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है.


घटना के बाद वैवाहिक कार्यक्रम कुछ देर के लिए रोक दिया गया. बाद में गमगीन माहौल में किसी तरह शादी की शेष रस्में पूरी कराई गईं. ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में शादी का उत्साह था, लेकिन हर्ष फायरिंग की घटना ने पलभर में खुशी को मातम में बदल दिया. प्रवीण कुमार सिंह और घायल विपिन सिंह आपस में चचेरे भाई हैं.

सदर डीएसपी-2 ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

घटना की सूचना मिलते ही बरौनी रिफाइनरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सदर-2 डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति ने भी देर रात अस्पताल पहुंचकर घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस शादी समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाल रही है . मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.

बेगूसराय में शादी की खुशियां मातम में बदलीं,हर्ष फायरिंग में युवक को लगी दो गोलियां,पुलिस जांच में जुटी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin kumar raj

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >