Begusarai Student Protest : बेगूसराय में 23 जुलाई को छात्र आंदोलन की आड़ में हुए भारी बवाल के बाद पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पुलिस ने इस हिंसक घटना में शामिल 30 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है. नगर थाना पुलिस वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है.
जीडी कॉलेज से समाहरणालय तक मचाया गया था उपद्रव
पुलिस के अनुसार छात्र आंदोलन के दौरान करीब 600 से 800 छात्रों का समूह जीडी कॉलेज से निकलकर समाहरणालय पहुंचा था. यहां नारेबाजी के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया और पुलिस बल पर जानलेवा हमला कर दिया. उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर चलाते हुए पुलिस वाहनों के साथ-साथ अन्य सरकारी संपत्तियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इस हिंसक घटना में कुछ मीडिया कर्मी और आम राहगीर भी गंभीर रूप से घायल हुए.
एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू
आंदोलन की पूर्व सूचना होने के कारण समाहरणालय के पास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल और दंगारोधी जवान पहले से तैनात थे. स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और बिगड़ते हालात को तुरंत नियंत्रित किया. इसके बाद उपद्रवी कैंटीन चौक और ट्रैफिक चौक की ओर बढ़े, जहां भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर स्थिति को पूरी तरह सामान्य बना दिया.
पुलिस ने चार उपद्रवियों को हिरासत में लिया
इस गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मो. सनाउल्लाह, अभिषेक कुमार, प्रशांत कुमार और मो. शाहनवाज के रूप में हुई है. इसके अलावा घटना के वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और नगर थाना की पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
30 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर मांगी गई मदद
बेगूसराय पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे 30 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से सहयोग की अपील की है. पुलिस का कहना है कि पहचान होने पर लोग नगर थाना के नंबर 9031828253, पुलिस कंट्रोल रूम 9031828303 तथा सोशल मीडिया सेल 9031828306 पर तुरंत सूचना दे सकते हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की गई है.
Also Read : बेगूसराय में NH-31 पर तेज रफ्तार वाहन ने महिला को कुचला, मौके पर मौत
