Begusarai News : (विकाश मिश्रा) बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में बेगूसराय जिले के बखरी थाना की डायल-112 टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है . गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमनपुर निवासी रमेश कुमार के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड फौजी बताया जा रहा है .
उदयपुर सिटी ट्रेन से शराब लाने की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि उदयपुर सिटी ट्रेन के माध्यम से शराब की खेप क्षेत्र में लाई जा रही है . सूचना के सत्यापन के बाद डायल-112 की टीम ने बखरी के सलौना रेलवे स्टेशन पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया . तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 10 से 12 लीटर शराब बरामद की गई .
कई इलाकों में सप्लाई करने का आरोप
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हेमनपुर, मोहनपुर और आसपास के क्षेत्रों में महंगी शराब की सप्लाई करता था . पुलिस उससे पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है .
पैंट्रीकार के जरिए तस्करी की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक उदयपुर सिटी ट्रेन के पैंट्रीकार के जरिए बिहार में शराब तस्करी का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है . चर्चा है कि सलौना स्टेशन पहुंचने से पहले चेन पुलिंग कर शराब की खेप उतारी जाती है, जबकि कुछ खेप स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद स्थानीय तस्करों तक पहुंचाई जाती है . इसके बाद फरकिया, बहादुरपुर, लक्ष्मीपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती है .
पुलिस जांच में जुटी, आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है . पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है .
स्टेशन पर सघन जांच की उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सलौना रेलवे स्टेशन पर उदयपुर सिटी ट्रेन सहित अन्य ट्रेनों की नियमित और सघन जांच कराई जाए तो शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है . लोगों ने रेलवे और पुलिस प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की है .
डायल-112 टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में डायल-112 के एसआई जीवछ यादव, चालक शंकर पटेल तथा कांस्टेबल अंजली कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही . पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
