बेगूसराय में वैज्ञानिक डॉ. राहुल प्रकाश ने युवाओं को दिखाई नई राह, छात्रों को इंटर्नशिप के साथ मिलेगा मासिक प्रोत्साहन

Begusarai News: बेगूसराय में आयोजित कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राहुल प्रकाश ने छात्रों को नवाचार और शोध के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि नई सोच और नवाचार से युवाओं को आर्थिक मजबूती के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी.

Begusarai News: (विकास मिश्रा की रिपोर्ट) नगर निगम बेगूसराय स्थित आईएम हॉल सभागार में गुरुवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राहुल प्रकाश ने नागरिक कल्याण संस्थान के इंटर्नशिप कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों छात्र-छात्राओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं को नवाचार, शोध और सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया.

नई सोच को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की अपील

डॉ. राहुल प्रकाश ने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपनी नवाचारी सोच को राष्ट्रीय पटल तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए. समाज में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए नई तकनीक और शोध आधारित विचार विकसित करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को इंटर्नशिप के तहत प्रति माह 6 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि तथा 2 हजार रुपये यात्रा भत्ता दो वर्षों तक दिया जाएगा.

नवाचार से मिलेगी पहचान और आर्थिक मजबूती

डॉ. राहुल प्रकाश ने कहा कि भारत में नवाचार और नवप्रवर्तन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं. इससे युवाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी, साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी स्थापित होगी. उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय युवाओं के विचारों और शोध कार्यों को मंच प्रदान कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा.

सभी विषयों के छात्रों के लिए अवसर

उन्होंने बताया कि कला, विज्ञान और वाणिज्य किसी भी संकाय के छात्र-छात्राओं के लिए इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध हैं. कृषि, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में शोध और नवाचार कार्य किए जा सकते हैं. उन्होंने युवाओं से अपनी सोच को व्यापक बनाने और नए विचारों पर काम करने का आह्वान किया.

पर्यावरण संरक्षण पर भी दिया जोर

नागरिक कल्याण संस्थान के सचिव संजय गौतम ने कहा कि छात्रों को वैचारिक रूप से मजबूत बनने की जरूरत है. कृषि और तकनीकी नवाचार के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ऑक्सीजन की कमी मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पीपल, बरगद या नीम का पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए.

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रह्लाद कुमार, मनीष कुमार, आलोक कुमार समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और छात्रों का उत्साहवर्धन किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >