बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार नारियल की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा दे रही है. इसी क्रम में जिला उद्यान कार्यालय के अनुसार बेगूसराय जिले को इस योजना के तहत 4 हजार नारियल पौधों का लक्ष्य दिया गया है. प्रत्येक पौधे की कीमत 85 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें 63.75 रुपये सरकार अनुदान के रूप में देगी, जबकि किसानों को केवल 21.25 रुपये प्रति पौधा भुगतान करना होगा.
किसान 5 से 712 पौधों तक कर सकते हैं आवेदन
योजना के तहत किसान न्यूनतम 5 और अधिकतम 712 पौधों के लिए आवेदन कर सकते हैं. सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को नारियल उत्पादन से जोड़ना है, ताकि भविष्य में उन्हें अतिरिक्त आय का स्थायी स्रोत मिल सके.
बिहार कृषि ऐप से होगा ऑनलाइन आवेदन
नारियल पौधों के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से होगा. इच्छुक किसानों को बिहार कृषि ऐप पर आवेदन करना होगा. आवेदन के समय भूमि लगान रसीद या भूमि से संबंधित अन्य वैध दस्तावेज अपलोड करना आवश्यक होगा. सत्यापन के बाद पात्र किसानों को अनुदानित दर पर पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे.
खेत से लेकर किचन गार्डन तक लगा सकेंगे पौधे
उद्यान विभाग के अनुसार एक हेक्टेयर भूमि में 178 नारियल पौधे लगाए जा सकते हैं. इसके अलावा किसान अपने घर के आसपास, बाड़ी, किचन गार्डन अथवा अन्य उपलब्ध भूमि में भी नारियल की खेती कर सकते हैं.
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
उद्यान विभाग का मानना है कि जलवायु और बाजार की बदलती परिस्थितियों में फसल विविधीकरण ही किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है. बेगूसराय जिले में इस योजना के तहत कुल 2.55 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि किसानों को दी जाएगी, जिससे नारियल खेती का विस्तार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
बेगूसराय के जिला उद्यान पदाधिकारी डॉ अमरजीत कुमार राय ने बताया कि नारियल पौधा वितरण योजना के तहत बेगूसराय को 4 हजार पौधों का लक्ष्य मिला है, जहां किसानों को प्रति पौधा 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा. आवेदन बिहार कृषि ऐप के माध्यम से लिए जाएंगे. हमारी कोशिश है कि जिले के अधिकाधिक किसान इस योजना का लाभ उठाएं और नारियल खेती के जरिए अपनी आय में वृद्धि करें.
