Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) बेगूसराय जिला पुलिस ने अपराधियों और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चौबीस घंटे का एक बड़ा और सघन विशेष अभियान चलाया है. इस देशव्यापी और ज़िलाव्यापी कार्रवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने त्वरित दबिश देते हुए कुल 33 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस महाअभियान के तहत हत्या, आर्म्स एक्ट, महिला उत्पीड़न और उत्पाद अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ की गई.
किस मामले में कितने धराए?
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग संगीन मामलों में गिरफ्तारी की गई है. पुलिस के अनुसार हत्या के एक मामले में 1 आरोपी,हत्या के प्रयास के मामलों में 9 आरोपी,आर्म्स एक्ट में 1 आरोपी,महिला उत्पीड़न के मामले में 1 आरोपी,वारंट मामलों में 10 आरोपी,उत्पाद अधिनियम के तहत 5 आरोपी तथा अन्य विभिन्न मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
देशी पिस्टल, कारतूस और 570 लीटर विदेशी शराब बरामद
गिरफ्तारियों के अलावा बेगूसराय पुलिस ने अवैध हथियारों और नशे के कारोबारियों पर भी तगड़ा प्रहार किया है.
- हथियार और कारतूस: छापेमारी के दौरान अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
- शराब की बड़ी खेप: उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 570.240 लीटर विदेशी शराब की खेप जब्त कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
- वाहन और मोबाइल जब्त: अवैध कार्यों में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वैन को पुलिस ने जब्त किया है. इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं.
- वारंटों का निष्पादन: लंबे समय से लंबित पड़े कुल 42 जमानतीय एवं गैर-जमानतीय वारंटों का त्वरित निष्पादन किया गया.
वाहन चेकिंग में वसूला 24,500 जुर्माना
इसी अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, बिना हेलमेट व तीन सवारी चलने वाले बाइक चालकों से कुल 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
बेगूसराय पुलिस मुख्यालय ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण कसने और शराब की तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए यह विशेष चेकिंग और गिरफ्तारी अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा.
Also Read: जहानाबाद में डीईओ कार्यालय के समक्ष डटे शिक्षक, ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन से प्रशासन में खलबली
