DM-Mayor Start Swachhta Abhiyan : बेगूसराय शहर में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गयी. गुरुवार को शहर के प्रमुख ट्रैफिक चौक पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रिची पांडे, नगर निगम की मेयर पिंकी देवी समेत जिला प्रशासन और नगर निगम के कई अधिकारी शामिल हुए. अभियान के दौरान जिलाधिकारी और मेयर समेत अन्य अधिकारियों ने खुद हाथों में झाड़ू उठाकर सड़क की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.
ट्रैफिक चौक से बस स्टैंड तक चला जागरूकता अभियान
ट्रैफिक चौक से लेकर बस स्टैंड तक लोगों के बीच स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया. इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने में सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. शहर के लोग अपने आसपास साफ-सफाई रखेंगे और कचरे का उचित तरीके से निस्तारण करेंगे, तभी स्वच्छ बेगूसराय का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है.
रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बने स्वच्छता
जिलाधिकारी रिची पांडे ने कहा कि बेगूसराय स्वच्छता के मामले में काफी आगे है. यहां के लोग स्वच्छता को लेकर जागरूक हैं और प्रशासन की ओर से भी लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सिर्फ एक दिन तक सीमित रखने के बजाय इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना जरूरी है.
सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील
जिलाधिकारी ने शहरवासियों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाला या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकें. कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि शहर में गंदगी नहीं फैले और लोगों को गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया. अधिकारियों ने लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और शहर को साफ रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. ट्रैफिक चौक से शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया.
