बेगूसराय में दिखा गंगा का रौद्र रूप, नगर निगम से साहेबपुर कमाल तक बाढ़ का कहर, सैकड़ों घरों में घुसा पानी

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से बेगूसराय में बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है. नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों में बाढ़ का पानी घुस चुका है, जिससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं. तेघड़ा और साहेबपुरकमाल प्रखंडों में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त है, लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं.

गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बेगूसराय जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है .गंगा के बढ़ते पानी ने अब नगर निगम क्षेत्र को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है. तेघड़ा और साहेबपुरकमाल प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं.कई जगहों पर घरों में पानी प्रवेश कर जाने के बाद परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने की तलाश की मजबूरी पैदा हो गई है.

चार नगर निगम वार्डों से पलायन शुरू,बांध पर शरण ले रहे परिवार,तेघड़ा में पशुओं के साथ सुरक्षित ठिकाने की तलाश,साहेबपुरकमाल के आधा दर्जन से अधिक गांव जलमग्न.

नगर निगम के चार वार्डों में पहुंचा बाढ़ का पानी

बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 लभरचक, वार्ड संख्या 5 कमरुद्दीनपुर,वार्ड संख्या 6 मुसनटोल और वार्ड संख्या 18 कैलाशपुर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. पानी बढ़ने के साथ ही इन इलाकों के लोग अपने परिवार और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो दिनों से पानी धीरे-धीरे इलाके की ओर बढ़ रहा था,लेकिन गुरुवार देर रात से पानी बढ़ने की रफ्तार अचानक तेज हो गई.इसके बाद लोगों में अफरातफरी की स्थिति बन गई.

बाढ़ की आशंका को देखते हुए कई परिवार पहले ही बांध पर पहुंचकर शरण ले चुके हैं,जबकि अन्य लोग भी अब सुरक्षित स्थानों की तलाश में घर छोड़ने लगे हैं.लोगों के सामने परिवार के सदस्यों के साथ मवेशियों को सुरक्षित रखने की भी चुनौती है.प्रभावित लोगों ने प्रशासन से नाव, भोजन,पेयजल,दवा और अन्य जरूरी राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की है.

तेघड़ा में पशुओं के साथ सुरक्षित ठिकाने की तलाश

तेघड़ा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं.बाढ़ का पानी फैलने के बाद लोग अपने पशुओं के साथ सुरक्षित स्थान की तलाश में किसी तरह जीवन गुजारने को मजबूर हैं. कई परिवार घर-बार छोड़कर ऊंचे स्थानों पर पहुंच रहे हैं.बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य उनकी जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है. कई प्रभावित परिवारों को अब तक समुचित राहत कैंप की सुविधा नहीं मिल सकी है.

इससे लोगों को खुले आसमान के नीचे या अस्थायी ठिकानों पर रहने की मजबूरी बनी हुई है.लोगों ने प्रशासन से पर्याप्त संख्या में राहत शिविर शुरू करने,भोजन-पानी उपलब्ध कराने और मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने की मांग की है.

साहेबपुरकमाल में गंगा का पानी गांवों में घुसा,सैकड़ों घर प्रभावित

साहेबपुरकमाल में गंगा नदी उफान के कारण प्रखंड क्षेत्र में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है.गंगा नदी और बांध के बीच बसे सलेमाबाद,ज्ञान टोल,बहलोरिया छर्रा पट्टी,श्रीनगर,रघुनाथपुर और हीराटोल गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं.इन गांवों के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने के बाद लोगों को अपना घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर होना पड़ रहा है.कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए हैं,जबकि कुछ लोग अभी भी अपने घरों की छत पर शरण लेकर किसी तरह समय काट रहे हैं.घरों में पानी घुसने के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. खाना पकाने से लेकर पीने के पानी और पशुओं को रखने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है.

छतों पर शरण लिए लोगों ने सरकार से मांगी राहत

बाढ़ प्रभावित लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। छतों पर शरण लिए लोगों का कहना है कि तेज धूप और बारिश से बचने के लिए प्लास्टिक की जरूरत है. इसके अलावा पशुओं के लिए चारा,बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए भोजन,शुद्ध पेयजल तथा चिकित्सा एवं दवा की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है.लोगों का कहना है कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है.ऐसे में यदि समय रहते राहत और बचाव कार्य तेज नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकट हो सकती है.

बढ़ते पानी ने बढ़ाई प्रशासन की चुनौती

बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र से लेकर तेघड़ा और साहेबपुरकमाल तक बाढ़ का फैलता दायरा प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.बड़ी संख्या में परिवारों के प्रभावित होने के कारण राहत शिविर, भोजन,पेयजल,स्वास्थ्य सुविधा और पशुचारे की व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की जरूरत है.प्रभावित लोगों की निगाह अब प्रशासन की ओर टिकी है कि उन्हें इस आपदा के बीच कितनी जल्दी और कितनी व्यापक राहत उपलब्ध कराई जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >