बेगूसराय: बाढ़ की विभीषिका झेल रहे नगर निगम क्षेत्र के लोगों की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने मंगलवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया. उन्होंने सामुदायिक किचन, राहत शिविर और बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम की टीम में उपनगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे. टीम ने वार्ड संख्या पांच के कमरूद्दीनपुर और उलाव बुनियादी विद्यालय स्थित राहत शिविर का निरीक्षण किया.
सामुदायिक किचन में खुद चखा भोजन
उलाव बुनियादी विद्यालय स्थित राहत शिविर में संचालित सामुदायिक किचन में तैयार भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए नगर आयुक्त ने स्वयं भोजन चखा. भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों को राहत शिविर में सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था हर हाल में बनाए रखने का निर्देश दिया.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में रह रहे लोगों को भोजन, पेयजल, साफ-सफाई समेत मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए.
‘बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है नगर निगम’
नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानी में नगर निगम उनके साथ खड़ा है. प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया.
मवेशियों के चारे और तिरपाल की व्यवस्था का निर्देश
नगर आयुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारी को सरकारी स्तर पर उपलब्ध मवेशी चारा, तिरपाल समेत अन्य आवश्यक राहत सामग्री बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण प्रभावित लोगों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा और उनके चारे की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है.
नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे नगर आयुक्त
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नाव पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे. उन्होंने प्रभावित लोगों के घरों तक जाकर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं. लोगों ने भी नगर आयुक्त और अधिकारियों को अपनी परेशानियों से अवगत कराया तथा राहत व्यवस्था की जानकारी दी.
नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
