छपरा में अधिकारियों पर हमले के विरोध में बेगूसराय के बीडीओ ने काला बिल्ला लगाकर किया काम

छपरा में सहकर्मियों पर हमले के विरोध में बेगूसराय के प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया. इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और घायल अधिकारियों के लिए बेहतर नीति बनाने की मांग की है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर मंगलवार को अपने-अपने कार्यालयों में काला बिल्ला लगाकर कार्य किया. सदर बीडीओ रवि शंकर कुमार, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, वीरपुर बीडीओ पंकज शक्तिधर, साहेबपुर कमाल बीडीओ रवि सिन्हा और चेरियाबरियारपुर बीडीओ निरंजन कुमार समेत सभी पदाधिकारियों ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

घायल अधिकारियों के समर्थन में एकजुटता

ज्ञात हो कि बीते शनिवार को छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान छपरा सदर बीडीओ दृष्टि पाठक और रिविलगंज बीडीओ रितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दोनों अधिकारियों का इलाज फिलहाल पटना के आईजीआईएमएस और मेदांता अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के विरोध और साथी अधिकारियों के समर्थन में यह राज्यव्यापी प्रदर्शन किया गया.

संघ ने सुरक्षा की मांग की

घटना के बाद बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर प्रखंड विकास पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. पत्र में बीडीओ के लिए बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, लेग गार्ड, बॉडी कवच और आर्म्स गार्ड जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ हर बीडीओ के साथ दो प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की मांग शामिल है.

इलाज और मुआवजे पर नीति की मांग

संघ ने सरकार से मांग की है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी बीडीओ के गंभीर रूप से घायल होने पर उनके सर्वोत्तम उपचार की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा उच्च स्तरीय अस्पताल में कराई जाए. इसके अलावा ड्यूटी के दौरान घायल या दिवंगत होने की स्थिति में बीडीओ के लिए विशेष क्षतिपूर्ति, बीमा सुरक्षा और आश्रितों को सहायता देने की स्पष्ट नीति बनाने का आग्रह किया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >