बेगूसराय जिले के बलिया प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाके में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है. बाढ़ का पानी फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. इस बीच बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिये स्थानीय स्तर पर लोगों के हाथ भी आगे बढ़ने लगे हैं.
निजी कोष से दवा वितरण
ताजपुर पंचायत के मुखिया शिवनंदन कुमार ने अपने निजी कोष से पंचायत के करीब तीन हजार लोगों के बीच दवा एवं ओआरएस घोल का वितरण किया. मुखिया ने बताया कि पंचायत के विभिन्न इलाकों में पिछले एक सप्ताह से बाढ़ का पानी फैला हुआ है.
संक्रमण व खुजली से राहत
जलजमाव के कारण लोगों को पकुआ (त्वचा संबंधी संक्रमण) और खुजली जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इसे देखते हुए पिछले दो दिनों से पंचायत के आठ वार्डों में घर-घर जाकर लोगों के बीच पकुआ की दवा एवं ओआरएस घोल का वितरण किया गया.
प्रभावित आठ वार्डों में मदद
इनमें वार्ड संख्या 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10 एवं 11 शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए अपने स्तर से दवा उपलब्ध कराई गई है तथा आगे भी हरसंभव सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा.
वितरण के दौरान उपस्थिति
दवा वितरण के दौरान पंचायतवासी शहजानंद कुंवर, शक्तिमान सूर्या, रामानुज चौधरी, अनुरंजन कुंवर, गुलशन कुमार, अजीत कुमार, निलेश कुंवर, पप्पू कुंवर, शालीग्राम कुंवर, ऋषि यादव, अभिनव कुमार एवं अभिनित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
