Begusarai News: बलिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर पंचायत के हुसैना दियारा गांव में मंगलवार की सुबह बाढ़ के पानी में एक दर्दनाक हादसा हो गया. दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए निकलीं चार लड़कियां सड़क किनारे फैले गहरे बाढ़ के पानी में डगमगाने लगीं. एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी पानी में डूबने लगीं. ग्रामीणों की तत्परता से दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक 14 वर्षीय किशोरी और 21 वर्षीय युवती की डूबने से मौत हो गयी.
मृतकों की पहचान हुसैना दियारा के वार्ड संख्या नौ निवासी प्रिंस कुमार महतो की 14 वर्षीय पुत्री आकांक्षा कुमारी तथा वार्ड संख्या 10 निवासी शैलेन्द्र महतो उर्फ गुप्तु महतो की 21 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी के रूप में हुई है.
गहरे बाढ़ के पानी में डगमगाने लगीं चारों लड़कियां
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह चारों लड़कियां दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए निकली थीं. इसी दौरान सड़क किनारे फैले बाढ़ के पानी में उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं रहा. पानी में आगे बढ़ने के दौरान अचानक वे डगमगाने लगीं. एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी पानी में डूबने लगीं.
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दो किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं सपना और आकांक्षा पानी में लापता हो गयीं.
करीब एक घंटे बाद मिला सपना का शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दोनों लापता लड़कियों की तलाश में जुट गये. ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक लगातार खोजबीन की. इसके बाद डब्लु कुमार, रूपेश कुमार और हेमंत कुमार ने सपना कुमारी का शव बरामद कर लिया.
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आकाश कुमार ने तुलसीटोल बांध पर प्रतिनियुक्त गोताखोर श्याम कुमार की टीम और राजस्व कर्मचारी अवधेश कुमार को नाव से घटनास्थल के लिए रवाना किया.
दो घंटे की मशक्कत के बाद आकांक्षा का शव बरामद
आकांक्षा कुमारी की तलाश में स्थानीय गोताखोरों ने भी अभियान शुरू किया. सिंटु कुमार यादव, शंकर कुमार सक्सेना, राजू कुमार राणा, श्याम कुमार और सत्यम कुमार ने भी शव की तलाश में सहयोग किया.
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूर पूरब मनिजरा खेत के समीप आकांक्षा का शव भी बरामद कर लिया गया. दोनों शव मिलने के बाद बचाव अभियान समाप्त किया गया.
शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
दोनों शवों के बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सपना की मां रीता देवी और आकांक्षा की मां पुष्पलता देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था. घर की बेटियों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा रहा.
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नाव के जरिए तुलसीटोल बांध पर लाया गया. इसके बाद बलिया पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया.
आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया.
आपदा के तहत परिजनों को मिलेगी सहायता राशि
सीओ आकाश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बिना देर किये राजस्व कर्मचारी और गोताखोरों की टीम को नाव से घटनास्थल पर भेजा गया था. दोनों शव बरामद कर लिये गये हैं.
उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जायेगी. सीओ ने क्षेत्र के लोगों से बाढ़ के पानी में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
बाढ़ के पानी में सावधानी जरूरी
हुसैना दियारा में हुए इस हादसे ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी की गहराई को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. सड़क और खेतों के आसपास फैले बाढ़ के पानी में कई जगह गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. ऐसे में ग्रामीणों से प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है.
