वीरपुर. रविवार को वीरपुर प्रखंड बचाओ संघर्ष समिति की एक बैठक बीपीएस प्लस टू स्कूल वीरपुर के मैदान में आयोजित की गई. जिसमें प्रखंड क्षेत्र के सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों व आमजन ने भाग लिया. बैठक की अध्यक्षता संचालन समिति के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया पंकज कुमार सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि तत्कालीन विधायक शिवदानी प्रसाद सिंह के प्रयास से वीरपुर में प्रखंड सह अंचल कार्यालय का स्थापना हुआ. जिससे यहां के आठों पंचायतों को आने-जाने में काफी सुविधा उपलब्ध हो रही है. प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भवन बनने हेतु पर्रा में जमीन चिन्हित किया जाना बेहद दुखदायी है. वीरपुर पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया रामप्रवेश सिंह, वीरपुर पश्चिम मुखिया त्रिपुरारी कुमार, पंसस रीता देवी, जदयू नेता रामसुंदर सिंह कुशवाहा, राजद नेता अर्जुन यादव व उमाशंकर यादव, भाजपा नेता चुन्नू कुमार चंदन, कांग्रेस नेता डॉ रामसागर सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद चौधरी, पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पंचायत समिति की बैठक बिना किये यह कदम उठाना बिल्कुल गलत है. उन्होंने कहा कि वीरपुर के लिए यह कार्यालय लोगों के मान-सम्मान व आत्मा से जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि यह कार्यालय यहीं रहे इसके लिये सड़क से सदन तक संघर्ष किया जायेगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर वर्तमान में संचालित प्रखंड कार्यालय के पास या वीरपुर थाना भवन के पास प्रखंड कार्यालय भवन बनवाने की मांग करेंगे.मांग नहीं माने जाने पर हमलोग आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे. इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरसेन विक्रम, जदयू नेता फूलचंद यादव, भाजपा नेता राम प्रवेश चौरसिया, रंजीत प्रसाद सिंह, बबलू चंद्रवंशी, रामाधार राय, कांग्रेस नेता संजीव सिंह, वार्ड सदस्य जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि मनोज सिंह आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
