घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को दिया अंजाम, लोगों में दहशत बेगूसराय : नगर थाना क्षेत्र के हर्रख मुहल्ले में रिटायर्ड बैंक मैनेजर उदय शंकर सिंह के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 50 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि रिटायर्ड […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को दिया अंजाम, लोगों में दहशत
बेगूसराय : नगर थाना क्षेत्र के हर्रख मुहल्ले में रिटायर्ड बैंक मैनेजर उदय शंकर सिंह के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 50 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि रिटायर्ड बैंक मैनेजर उदयशंकर सिंह अपनी पुत्रवधू की मौत के बाद सपरिवार बीहट गांव गये हुए थे. इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया.
चोरों ने घर में रखे एक किलो सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के जेवरात और 4.50 लाख नकद की चोरी कर ली. चोरी की जानकारी परिजनों को शनिवार की देर शाम तब मिली जब उनके पड़ोसियों के द्वारा घर का ताला टूटा होने की सूचना दी. घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पीड़ित ने बताया कि 15 जुलाई को वे लोग श्राद्धकर्म में गांव चले गये थे. हालांकि रोजाना उनके पुत्र आवासीय डेरा पर आते-जाते थे. 27 जुलाई को वह नहीं आये थे. आशंका जतायी जा रही है कि 27 जुलाई की रात में ही चोरों ने घटना को अंजाम दिया. नगर थानेदार त्रिलोकी नाथ मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की तहकीकात की जा रही है.
नकद सहित लाखों की संपत्ति चोरी
बेगूसराय. नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र की अझौर पंचायत निवासी मदन मोहन महतो के घर से अज्ञात चोरों ने 10 हजार नकद व लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली. शनिवार की देर शाम जब घरवाले रिश्तेदारी से लौट कर आये तो घर का सभी सामान यत्र-तत्र पड़ा हुआ था. पीड़ित ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी तो लोगों में हड़कंप मच गया. पीड़ित श्री महतो ने नीमाचांदपुरा थाने को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गयी है. चोरी की इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त है. बताया जा रहा है कि गृहस्वामी अपनी ससुराल गये हुए थे. इसी दौरान चोरों ने अपना हाथ साफ कर लिया है. उपमुखिया संजीत साह ने घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है.