Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने पूरी ताकत झोंक दी है. इस बार सिर्फ चुनाव कराने पर ही नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने पर भी खास जोर दिया जा रहा है. यही वजह है कि घर-घर मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है, ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल करने से न चूके.
बीएलओ को मिली ये जिम्मेदारी
इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता पर्ची बांटेंगे. साथ ही लोगों को मतदान का महत्व समझाएंगे और मतदान वाले दिन जरूर वोट डालने की अपील करेंगे. खासतौर पर उन शहरी बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जहां पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहा था.
जागरूकता बढ़ाने के लिए की गई प्लानिंग
स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे. इसके अलावा मतदाता जागरूकता रैली, जागरूकता रथ, कॉलेजों में कार्यक्रम, मतदान की शपथ, रंगोली कंपटीशन, सोशल मीडिया समेत अन्य तरह के अभियान के जरिए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा.
मतदान कर्मियों को दी जाएगी ट्रेनिंग
अधिकारियों का मानना है कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान कर्मियों के लिए ट्रेनिंग की भी शुरूआत हो गई है. 16 से 18 जुलाई तक पहले फेज जबकि 23 और 24 जुलाई को दूसरे फेज की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके अलावा ईवीएम कलेक्शन टीम और मतगणना कर्मियों को भी अलग-अलग फेज में ट्रेनिंग दी जाएगी.
21 कोषांग को किया गया एक्टिव
जानकारी के मुताबिक, उपचुनाव की तैयारी संभालने के लिए 21 कोषांग को एक्टिव किए गए हैं. इसमें जिला प्रशासन ने कार्मिक, हेल्पलाइन, विधि-व्यवस्था, मीडिया और एमसीएमसी, स्वीप समेत अन्य शामिल हैं. बांकीपुर विधानसभा को 42 सेक्टर में डिवाइड किया गया है और 422 पोलिंग बूथ बनाए जायेंगे. यहां पर वोटर्स के लिए सभी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
Also Read: आज होगी बिहार कैबिनेट की बैठक, युवाओं के लिए नौकरी, नई योजनाओं समेत लिए जा सकते हैं ये फैसले
