भागलपुर-बांका रेलखंड के सदर थाना क्षेत्र स्थित मुढ़हारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. पटना-राजेंद्र नगर इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान ककवारा खामारी निवासी विक्रम यादव (32) के रूप में हुई है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
डॉक्टर को दिखाने भागलपुर जा रहा था विक्रम
बताया जाता है कि विक्रम यादव शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे बांका स्टेशन से पटना-राजेंद्र नगर इंटरसिटी ट्रेन में सवार होकर भागलपुर जा रहा था. उसे किसी डॉक्टर से इलाज के लिए दिखाना था. ट्रेन बांका से खुलने के बाद मुढ़हारा स्टेशन पहुंची, जहां पहले से एक नंबर प्लेटफार्म पर जमालपुर-देवघर पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी.
पानी पीने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा
प्लेटफार्म नंबर एक पर दूसरी ट्रेन खड़ी रहने के कारण इंटरसिटी ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी थी. इसी दौरान ट्रेन रुकते ही विक्रम पानी पीने के लिए नीचे उतर गया. पानी पीने के बाद जब वह वापस लौटा, तब तक ट्रेन चलने लगी थी.
चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पटरी पर गिरा
ट्रेन खुलने के बाद विक्रम दौड़कर उसमें चढ़ने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी पर जा गिरा. ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी जान चली गयी.
डॉक्टर की पर्ची से हुई मृतक की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टेशन प्रबंधक ने आरपीएफ और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, मृतक के पास मिले डॉक्टर के चिट्ठे के आधार पर उसकी पहचान विक्रम यादव के रूप में हुई.
परिजनों को दी गयी हादसे की जानकारी
पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी. मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गयी. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और हादसे की जांच की जा रही है.
