बैद्यनाथ धाम से लौटते समय उजड़ गया परिवार
बौंसी. बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे एक श्रद्धालु दंपति के लिए घर वापसी का सफर जिंदगी का सबसे बड़ा हादसा बन गया. झारखंड के गोड्डा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में बाराहाट थाना क्षेत्र की एक महिला की मौत हो गयी, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतका की पहचान बाराहाट थाना क्षेत्र के भेड़ा मोड़ निवासी मधु देवी के रूप में हुई है. वहीं उनके पति सूरज पंडित गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है. हादसे में उनका एक हाथ टूट गया है.जानकारी के अनुसार, सोमवार को दंपति देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसडीहा-भागलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलतांड के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी मधु देवी सड़क पर गिर गयी और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं सूरज पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस फरार चालक और ट्रक की पहचान में जुटी हुई है.
