शंभुगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से एक महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गयी. मामले में पीड़ित पति ने बांका थाना क्षेत्र के एकसिंघा गांव निवासी प्रीतम पासवान के विरुद्ध पुलिस से शिकायत की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
कई माह से मोबाइल पर होती थी बातचीत
पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से प्रीतम पासवान से मोबाइल पर लगातार बातचीत करती थी. पत्नी से इस बारे में पूछने पर वह हमेशा किसी रिश्तेदार से बात करने की बात कहकर मामले को टाल देती थी. पति के अनुसार, उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा.
बड़ी बेटी की शादी तय होने का किया जिक्र
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी पुत्री की शादी तय हो चुकी है. शादी की तैयारी के लिए उसने पहले से जेवर बनवाकर घर में रखे थे. वह रोजी-रोजगार के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था और कंपनी से मिलने वाला वेतन नियमित रूप से पत्नी के बैंक खाते में भेजता था.
जेवर और नकदी लेकर जाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, करीब तीन दिन पूर्व उसकी पत्नी घर में रखे जेवर और नकदी लेकर प्रीतम पासवान के साथ फरार हो गयी. पति ने आरोप लगाया है कि महिला करीब एक लाख रुपये नकद और डेढ़ लाख रुपये मूल्य के जेवर अपने साथ लेकर गयी है. घटना के बाद पति ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
शंभुगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
