Amarpur Drinking Water Crisis : अमरपुर प्रखंड की भिखनपुर पंचायत के चार वार्डों में पिछले तीन महीने से पेयजल संकट गहराया हुआ है. हर घर जल योजना बंद रहने और चापाकलों के जवाब दे देने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर जल्द समाधान की मांग की है.
तीन माह से पानी के लिए परेशान हैं ग्रामीण
अमरपुर प्रखंड की भिखनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3, 10, 12 और 13 के ग्रामीण शनिवार को युवा समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचे. ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभात रंजन को लिखित आवेदन सौंपकर पंचायत में गहराए पेयजल संकट से अवगत कराया और अविलंब समस्या के समाधान की मांग की.
हर घर जल योजना भी तीन माह से ठप
युवा समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जलस्तर नीचे चला गया है, जिससे अधिकांश चापाकल पानी देना बंद कर चुके हैं. वहीं बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत संचालित हर घर जल योजना भी पिछले तीन माह से बंद पड़ी है. इसके कारण सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.
लोगों के साथ पशु भी हो रहे परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पीने का पानी जुटाना मुश्किल हो गया है. पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
बिपिन कुमार ठाकुर ने बताया कि उन्होंने कई बार पीएचईडी विभाग को समस्या से अवगत कराया और जलापूर्ति बहाल करने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
बीडीओ ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हो गया है. आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए पीएचईडी विभाग को भेजते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाएगी.
