पंजवारा. बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित पंजवारा चेक पोस्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस और दंडाधिकारियों की टीम ने सीमा पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है. यह चेक पोस्ट बिहार के बांका जिले को झारखंड के गोड्डा व दुमका जिले से जोड़ता है. यहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान अवैध शराब, हथियार या नकदी जैसी आपत्तिजनक सामग्री की अंतरराज्यीय आवाजाही रोकी जा सके. वहीं थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि यह जांच विशेष रूप से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही है. हाल ही में इसी जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी के साथ एक संदिग्ध युवक को भी पकड़ा था. यह अभियान चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
